उत्तर प्रदेश: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रविवार को एक दिवसीय दौरे पर कन्नौज पहुंचे। उन्होंने उमर्दा क्षेत्र स्थित इंडो-इजराइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल्स का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद भी किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर दे रही है। सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों और उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के प्रयोग से किसानों की उत्पादकता और आय दोनों में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि सब्जी उत्कृष्ट केंद्र जैसे संस्थान किसानों को प्रशिक्षण, बीज और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कृषि मंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय में परिवर्तित करने में मील का पत्थर साबित होगी।
