सीएम भगवंत मान का बड़ा ऐलान: 15 अगस्त से सरपंचों को मिलेगा ₹10,000 मासिक वेतन

ब्यूरो: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंचायतों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि 15 अगस्त से राज्य के प्रत्येक सरपंच को 10,000 रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है और सरपंच गांवों के विकास में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे दिन-रात अपने गांव और लोगों की सेवा में जुटे रहते हैं, इसलिए उन्हें उनके कार्य के अनुरूप सम्मान और आर्थिक सहयोग मिलना चाहिए।

भगवंत मान ने कहा, “सरपंच अपने परिवार और गांव दोनों की जिम्मेदारी निभाते हैं। अब नियमित वेतन मिलने से वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे और गांव के विकास कार्यों पर भी अधिक ध्यान दे पाएंगे।”

उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही पंजाब के समग्र विकास की कुंजी है। यदि गांव मजबूत होंगे तो राज्य भी तेजी से आगे बढ़ेगा। सरकार का उद्देश्य जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाना और ग्रामीण विकास को नई गति देना है।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार जनता के हित में लगातार फैसले लेती रहेगी और प्रदेश के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

 

Related posts