सोना ₹1.46 लाख के पार, 4 दिन में ₹4,398 की बड़ी छलांग, चांदी भी ₹2.26 लाख पहुंची

नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी का दौर जारी है। गुरुवार, 23 जुलाई को भी दोनों कीमती धातुओं के दाम में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी आईबीजेए के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 274 रुपये बढ़कर 1 लाख 46 हजार रुपये के पार पहुंच गई है। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत 360 रुपये की बढ़त के साथ 2 लाख 26 हजार रुपये हो गई है।

पिछले चार दिनों की बात करें तो सोने की कीमत में 4,398 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि चांदी भी 10,346 रुपये तक महंगी हो चुकी है। इससे निवेशकों और सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है।

अगर पूरे साल का आंकड़ा देखें, तो वर्ष 2026 में अब तक सोना करीब 13 हजार रुपये महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना करीब 1.33 लाख रुपये था, जो अब बढ़कर 1.46 लाख रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि चांदी के दाम में साल की शुरुआत की तुलना में करीब 4 हजार रुपये की गिरावट बनी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपये प्रति किलो थी, जो फिलहाल 2.26 लाख रुपये पर कारोबार कर रही है।

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया का मानना है कि सोना और चांदी अपने ऑलटाइम हाई से नीचे कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह अच्छा अवसर हो सकता है। हालांकि उन्होंने सलाह दी है कि निवेश एकमुश्त करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से किया जाए। उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोना 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.80 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है।

Related posts