उत्तर प्रदेश: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खंदौली थाना क्षेत्र में कंटेनर और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि दोनों के शव सीट से चिपके मिले और शरीर का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही सेकंड में दोनों वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिट्टी से लदा डंपर अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे फ्रोजन मटर से लदे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान डंपर के पीछे चल रहे बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गए। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
कंटेनर चालक ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर अंदर फंस गए। मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र निवासी आकाश और करुआ के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने डंपर चालक को झपकी आने की आशंका जताई है। वहीं कंटेनर चालक के मुताबिक डंपर अचानक सामने आ गया और ब्रेक लगाने के बावजूद टक्कर हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
