नई दिल्ली: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राज्य के कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर शामिल हैं, जहां भारी बारिश के चलते अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
बागेश्वर जिले में बादल फटने के बाद भूस्खलन की बड़ी घटना सामने आई है। NDRF (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) ने जानकारी दी है कि अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि लापता तीन लोगों की तलाश जारी है। भूस्खलन के कारण चार किलोमीटर लंबी सड़क और दो मकान मलबे में समा गए हैं। इलाके में पांच फुट तक मलबा जमा होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
राज्य में प्रशासन, आपदा प्रबंधन बल और बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
