Bihar Motihari:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी से राज्य के लिए 7200 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। उन्होंने रेलवे की स्वचालित सिग्नलिंग, दोहरीकरण और वंदे भारत के रखरखाव इंफ्रा का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल लाइन के बीच स्वचालित सिग्नलिंग, दरभंगा-थलवाड़ा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर रेल लाइनों के दोहरीकरण का लोकार्पण किया।
वहीं पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव इंफ्रा का, भटनी-छपरा ग्रामीण रेल लाइन पर स्वचालित सिग्नलिंग और 4,080 करोड़ रु. की लागत वाली दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन दोहरीकरण का शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने 4 अमृत भारत ट्रेनों को मोतिहारी गांधी मैदान से ही हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेन राजेन्द्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर) और मालदा टाउन से लखनऊ (गोमती नगर) के बीच भागलपुर के रास्ते संचालित की जाएंगी।
पीएम मोदी ने एनएच-319 की मोहनियां से परारिया खंड का लोकार्पण किया। इसके अलावा आरा में बनने वाले बाईपास का शिलान्यास किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों से जुड़ी विकास परियोजनाएं का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बिहार में लगभग 61,500 स्वयं सहायता समूहों के लिए 400 करोड़ रुपये का सामुदायिक फंड जारी किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 40,000 लाभार्थियों को 162 करोड़ रु. किस्त जारी की। प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 हजार लाभार्थियों को गृह प्रवेश भी कराया। प्रधानमंत्री ने लाभार्थियों को उनके घर की चाभी सौंपी।
