नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2019 के बहुचर्चित तमिलनाडु रामलिंगम हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान एनआईए ने पीएफआई से जुड़े फरार आरोपियों को पनाह देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इम्तहतुल्लाह के रूप में हुई है।
इम्तहतुल्लाह ने तीन फरार आरोपियों को शरण दी थी, जिनमें से दो को पहले ही जनवरी 2025 में गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, एक अन्य आरोपी मोहम्मद अली जिन्ना अब भी फरार है।
रामलिंगम हत्या मामले में एनआईए ने 2019 में चार्जशीट दाखिल करते हुए कुल 18 आरोपियों को नामजद किया था, जिनमें 6 आरोपी फरार थे। अब तक अधिकांश को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन तीन आरोपी- मोहम्मद अली जिन्ना, बुरहानुद्दीन और नफील हसन अभी भी फरार हैं।
तीनों आरोपियों के बारे में सूचना देने वालों के लिए एनआईए ने 5-5 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। ये तीनों तंजावुर जिले के रहने वाले और प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के पूर्व पदाधिकारी बताए जाते हैं।
