लखनऊ। आदि गंगा माँ गोमती के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनरुद्धार के उद्देश्य से गोमती दर्शन द्वारा आज माँ गोमती पुनरुद्धार अभियान के अंतर्गत देव मूर्ति सम्मान एवं विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन मंझी घाट, निकट माँ चंद्रिका देवी मंदिर, बक्शी का तालाब में किया गया।

मंझी पुल एवं घाट के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा घरों से निकाली गई देवी-देवताओं की मूर्तियाँ एवं पूजन सामग्री अव्यवस्थित रूप से छोड़ी गई थीं। अभियान के अंतर्गत ऐसी लगभग 8,000 देवी-देवताओं की मूर्तियों को एकत्रित कर सम्मानपूर्वक विसर्जित किया गया। इसके लिए माँ गोमती के तट पर विशेष कुंड बनवाए गए तथा उनमें माँ गोमती का पवित्र जल डालकर धार्मिक भावनाओं और परंपराओं के अनुरूप मूर्तियों का विधिवत विसर्जन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व गोमती दर्शन के संयोजक अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय एवं अध्यक्ष श्वेता सिंह ने किया। अभियान में सहयोगी संस्थान के रूप में विवेकानंद मॉडर्न अकादमी, कठवारा, बक्शी का तालाब के प्रबंधक श्री आलोक कृष्णा एवं विद्यालय के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर गोमती दर्शन की व्यवस्था समिति के सदस्य श्री अभिषेक मिश्रा ने विशेष रूप से सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने माँ गोमती के तट एवं आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए स्वच्छता अभियान में पूरे समर्पण और उत्साह के साथ भाग लेते हुए मूर्तियों एवं पूजन सामग्री को एकत्रित करने तथा घाट की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान के माध्यम से समाज को दो महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। पहला, देवी-देवताओं की मूर्तियों के साथ होने वाले असम्मान को रोकते हुए उनकी धार्मिक मर्यादा एवं गरिमा बनाए रखना और दूसरा, आदि गंगा माँ गोमती को प्रदूषण से बचाकर उसकी स्वच्छता एवं अविरलता सुनिश्चित करना।
इस अवसर पर अधिवक्ता अनुराग पाण्डेय एवं श्वेता सिंह ने कहा कि माँ गोमती केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक विरासत हैं। उनकी पवित्रता और अस्तित्व की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। इसलिए पूजा-पाठ एवं धार्मिक आयोजनों के बाद देवी-देवताओं की मूर्तियों और पूजन सामग्री को सीधे नदियों में प्रवाहित करने के बजाय सम्मानजनक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके अपनाने चाहिए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नदियों को आस्था और श्रद्धा का केंद्र मानते हुए उन्हें कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री से प्रदूषित न करें तथा नदी संरक्षण के ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
गोमती दर्शन एवं विवेकानंद मॉडर्न अकादमी के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह अभियान धार्मिक आस्था के सम्मान, जनजागरूकता और नदी संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
