कटिहार:आबादपुर में 6 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

बिहार: कटिहार जिले के बारसोई अनुमंडल अंतर्गत आबादपुर थाना पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बेलवा, नया टोली से 601.63 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर मोहम्मद अख्तर को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की बाजार में अनुमानित कीमत छह लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

आबादपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद शादाब को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक तस्कर अवैध रूप से स्मैक लेकर कटिहार की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही शनिवार की रात सनकोला चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक लाल रंग की टाटा कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गाड़ी की तलाशी में 601.63 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार तस्कर मोहम्मद अख्तर पश्चिम बंगाल से स्मैक लाकर स्थानीय युवाओं के बीच बेचने का काम करता था। इससे कई युवक नशे की लत के शिकार हो रहे थे।

सूत्रों के अनुसार मोहम्मद अख्तर स्मैक के धंधे से काफी संपत्ति भी अर्जित कर चुका है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए भी पुलिस छानबीन कर रही है।

 

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts