नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शुक्रवार को जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे। अपनी यात्रा के दूसरे दिन पीएम मोदी ने जापान के 16 प्रान्तों के राज्यपालों के साथ मुलाकात की और भारत-जापान संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर व्यापक चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह टोक्यो में जापान के 16 प्रान्तों के राज्यपालों से बातचीत की। राज्य-प्रान्त सहयोग, भारत-जापान मैत्री का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।”

उन्होंने बताया कि इस दिशा में एक विशेष पहल 15वें वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के राज्यों और प्रान्तों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री ने व्यापार, नवाचार, स्टार्टअप, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल विकास और लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को उजागर किया। उन्होंने दोनों देशों के उप-राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत साझेदारी की जरूरत पर बल देते हुए साझा प्रगति के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी इस बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉम एक्स पर साझा करते हुए जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने राज्यों और प्रान्तों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला और इस संबंध में साझा प्रगति के लिए 15वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू की गई राज्य-प्रान्त साझेदारी पहल के तहत कार्रवाई का आग्रह किया। चर्चा में प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश, कौशल, स्टार्ट-अप और लघु एवं मध्यम उद्यमों के क्षेत्र में भारतीय राज्यों और जापानी प्रान्तों के बीच बढ़ती साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत-जापान के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने की दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
