नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर में भारी बारिश से आई आपदा का प्रकोप धीरे-धीरे कम हो रहा है। आज झेलम नदी का जलस्तर घटा हुआ दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा और यह समान्य स्थिति में आ रहा है। नदी के आसपास के इलाकों में बसे लोगों के लिए यह खबर राहत लेकर आई है। जम्मू-कश्मीर पिछले कुछ दिन से लगातार भारी बारिश हुई है जिसके बाद नदियां उफान पर पहुंच गई।
लगातार तीन दिनों की भारी बारिश के बाद जम्मू- कश्मीर में आज मौसम बेहतर है। जनजीवन सामान्य हो रहा है। बाढ़ और भूस्खलन ने जम्मू कश्मीर में काफी तबाही मचाई है। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। स्कूल और कॉलेज आज भी बंद रहेंगे। कॉल और इंटरनेट सर्विस बहाल हो गई है। हालांकि बिजली और पानी की समस्या अभी भी कई स्थानों पर बनी हुई है।
प्रशासन ने कहा है कि वे सुविधाओं को बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे है। वहीं रियासी में सलाल बांध के सभी द्वार खोले गए हैं। भारी बारिश के बीच अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण जम्मू में मकान, दुकानें और अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। डोडा के भद्रवाह में अचानक आई बाढ़ और भारी बारिश के कारण घर और मंदिर क्षतिग्रस्त हो गए।
