लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के रफाकपुर गांव से जाहर वीर गोगा महाराज के दर्शन को राजस्थान जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली को बुलंदशहर जनपद में एक तेज रफ्तार कैंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसा रविवार रात लगभग 2 बजे एनएच-34 पर अरनिया थाना क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुआ।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 43 घायल हुए हैं। घायलों में से तीन की हालत नाजुक है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

बुलंदशहर की डीएम श्रुति शर्मा और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने घटनास्थल और अस्पतालों का निरीक्षण किया। 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज, 10 को बुलंदशहर जिला अस्पताल और 43 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को हटाकर यातायात बहाल कर दिया है। कैंटेनर जब्त कर लिया गया है जबकि उसका चालक फरार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बुलंदशहर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
