लाइब्रेरियन भर्ती के लिए डिप्टी CM का आवास घेरा

लखनऊ में मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास का घेराव किया। अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवाओं ने लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती निकालने की मांग की। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घर से बाहर निकलकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने उनके सामने हाथ जोड़े और कुछ ने पैर भी छुए। कहा- सर नौकरी चाहिए। इसके बाद डिप्टी सीएम ने तुरंत UPSSSC अध्यक्ष से बात की है और अभ्यर्थियों की मांग पर समाधान निकालने के लिए कहा है।

इससे पहले भी युवा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के मुख्यालय के बाहर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि 2016 के बाद से लाइब्रेरियन की भर्ती नहीं हुई है। कई जगह बिना लाइब्रेरी साइंस की डिग्री वाले लोगों से काम कराया जा रहा है, जबकि संबंधित डिग्री लेने वाले युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने PET-2025 के आधार पर नई भर्ती निकालने की मांग की। उनका कहना है कि इससे बेरोजगार अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा और युवाओं को लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।हर महीने मिलती है नई तारीख’

प्रदर्शन में शामिल अमित ने कहा कि वे लंबे समय से लाइब्रेरियन भर्ती की मांग कर रहे हैं। 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को पिकप भवन का घेराव भी किया गया। वहां अधिकारियों से मिलने नहीं दिया जाता और कर्मचारी ही उनसे बात करते हैं।

अधिकारियों ने बताया था कि 362 पदों की अधियाचना मिली हुई है। हर बार अगले महीने भर्ती निकालने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है।पिछली बार 2016 में भर्ती हुई थी। युवा लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई और डिग्री लेने के बाद नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। घरवाले भी रोज नौकरी को लेकर सवाल करते हैं।

‘लाइब्रेरी एक्ट का पालन नहीं हो रहा’

प्रदर्शनकारी मनीष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2006 में लाइब्रेरी एक्ट बना था, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि कई जगह बिना लाइब्रेरी साइंस की डिग्री वाले लोगों से लाइब्रेरी का काम कराया जा रहा है। हमने लाइब्रेरी साइंस की डिग्री लेकर अपना करियर दांव पर लगा दिया है। अगर सरकार भर्ती नहीं निकाल सकती तो लाइब्रेरी साइंस का कोर्स ही बंद कर देना चाहिए। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द नई वैकेंसी निकाली जाए। जब तक भर्ती नहीं आती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।

बृजेश पाठक बोले- छात्रों की मांग गंभीरता से सुनी जाएगी

प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि उन्होंने छात्रों की सभी समस्याओं को सुना है। शासन से लेकर आयोग तक, हर स्तर पर रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।

ब्रजेश पाठक ने कहा, हमारी सरकार प्रदेश के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। मैं खुद छात्र राजनीति से निकलकर आया हूं, इसलिए छात्रों की परेशानी को अच्छी तरह समझता हूं। मैं इन्हीं के बीच का आदमी हूं और सरकार में इनका प्रतिनिधित्व करता हूं।

Related posts