कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मतदाता धोखाधड़ी के आरोपों से जुड़े दस्तावेज़ मांगे

दिल्ली: कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नोटिस जारी कर 2024 के लोकसभा चुनावों में मतदाता धोखाधड़ी के उनके आरोपों के संदर्भ में दस्तावेज़ मांगे हैं। राहुल गांधी से उन सबूतों को पेश करने को कहा गया है जिनके आधार पर उन्होंने यह दावा किया था कि शकुन रानी नाम की एक मतदाता या किसी अन्य ने दो बार मतदान किया था।

कर्नाटक के मुख्‍य चुनाव अधिकारी, सीईओ वी अंबुकुमार की ओर से कल जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि सीईओ कार्यालय की प्रारंभिक जाँच में पाया गया है कि शकुन रानी ने केवल एक बार ही वोट डाला था। नोटिस में आगे कहा गया है कि सीईओ कार्यालय द्वारा की गई प्रारंभिक जाँच में श्री गांधी द्वारा अपनी प्रस्तुति में दिखाया गया सही का निशान वाला दस्तावेज़ मतदान अधिकारी द्वारा जारी नहीं किया गया है। यह कदम 7 अगस्त को नई दिल्ली में राहुल गांधी द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उठाया गया है, जहाँ उन्होंने कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। इससे पहले निर्वाचन आयोग ने राहुल गांधी से कहा था कि या तो वे नियमों के अनुसार औपचारिक घोषणा प्रस्तुत करें या झूठे आरोप लगाने के लिए देश से माफ़ी माँगें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts