लोकसभा में 3 विधेयक होंगे चर्चा और पारित के लिए पेश

नई दिल्ली आज से संसद के मॉनसून सत्र के चौथे सप्ताह की शुरुआत हो रही है। दोनों ही सदनों की कार्यसूची में कई अहम विधेयक सूचीबद्ध है। लोकसभा में आज तीन विधेयक विचार और पारित किए जाने के लिए पेश होंगे। इन तीन विधेयकों में से दो विधेयक खेलों से संबंधित हैं।

ये विधेयक हैं राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी संशोधन विधेयक, 2025। राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक, 2025 का उद्देश्य राष्ट्रीय खेल निकायों को मान्यता प्रदान करना और उनके कामकाज को रेगुलेट करना है। इस विधेयक के माध्यम से राष्ट्रीय ओलंपिक समिति, राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति, और विधेयक में उल्लेखित प्रत्येक खेल के लिए राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय खेल महासंघ की स्थापना किए जाने का प्रावधान है।

इसके साथ ही लोकसभा में राष्ट्रीय एंटी डोपिंग संशोधन विधेयक, 2025 पर भी चर्चा सूचीबद्ध है। यह बिल राष्ट्रीय एंटी डोपिंग एक्ट, 2022 में संशोधन का प्रयास करता है। यह एक्ट खेलों में डोपिंग के विरुद्ध यूनेस्को कन्वेंशन को प्रभावी बनाता है और खेलों में डोपिंग को प्रतिबंधित करता है।

इसके साथ ही लोकसभा में भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 को विचार और पारित किए जाने के लिए पेश किया जाएगा। यह विधेयक भारतीय पत्तन एक्ट, 1908 का स्थान लेने का प्रयास करता है। इसमें बंदरगाहों के कामकाज और प्रबंधन को रेगुलेट करने, शुल्क और प्रभार लगाने और पर्यावरणीय सुरक्षा उपाय करने से संबंधित प्रावधान हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts