नई दिल्ली: लोकसभा और राज्यसभा में आज विचार और पारित किए जाने के लिए दो-दो विधेयक सूचीबद्ध हैं। लोकसभा में भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2025 चर्चा और पारित किए जाने के लिए पेश होगा।
भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 बंदरगाहों से संबंधित कानून को और मजबूत करने और एकीकृत बंदरगाह विकास को बढ़ावा देने का काम करेगा। इसके साथ ही विधेयक के माध्यम से समुद्री व्यापार को सुगम बनाने और भारतीय समुद्र तटों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किए जाने का भी प्रावधान है।
वहीं खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक, 2025 के माध्यम से इससे संबंधित साल 1957 के अधिनियम में संशोधन किया जाएगा। इसके माध्यम से खनन क्षेत्र को रेगुलेट किया जाएगा।
जबकि राज्यसभा में आज लोकसभा से कल पारित दो खेल विधेयकों पर चर्चा होगी। उच्च सदन की कार्यसूची में राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी संशोधन विधेयक, 2025 चर्चा और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध है।
राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक, 2025 का उद्देश्य राष्ट्रीय खेल निकायों को मान्यता प्रदान करना और उनके कामकाज को रेगुलेट करना है। विधेयक में राष्ट्रीय ओलंपिक समिति, राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति और विधेयक में उल्लेखित हर खेल के लिए राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय खेल महासंघ की स्थापना का प्रावधान करता है।
वहीं राष्ट्रीय डोपिंग रोधी संशोधन विधेयक, 2025 डोपिंग के विरुद्ध यूनेस्को कन्वेंशन को प्रभावी बनाने का कार्य करेगा। इसके साथ ही ये विधेयक खेलों में डोपिंग को प्रतिबंधित करने, उनके परीक्षण, प्रवर्तन और उल्लंघन से संबंधित निर्णयों के लिए एक संरचना प्रदान करने का भी काम करेगा।