रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से की मुलाकात

नई दिल्लीरक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से भेंट की। रक्षा मंत्री ने ग्रुप कैप्टन शुक्ला को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे मानव अंतरिक्ष उड़ान की दिशा में भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

राजनाथ सिंह ने पृथ्‍वी की कक्षा में किए गए महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग के माध्यम से शुभांशु शुक्ला के योगदान को स्वीकार करते हुए भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान और अन्वेषण क्षमताओं को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका की सराहना की। रक्षा मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी प्रेरणादायक यात्रा युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अन्वेषण में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

शुभांशु शुक्ला से बातचीत के बाद एक्स पर अपनी पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने ग्रुप कैप्टन शुक्ला के साथ प्रेरणादायक अंतरिक्ष यात्रा, पृथ्‍वी की कक्षा में उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण प्रयोगों, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति और भारत के अग्रणी गगनयान मिशन के साथ-साथ भविष्‍य की रणनीति पर चर्चा की।

राजनाथ सिंह ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया, जिसमें इसरो के सहयोग से अंतरिक्ष यात्रियों का चयन, प्रशिक्षण और मिशन सहायता शामिल है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना कर्मियों की व्यावसायिकता और विशेषज्ञता मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों की दिशा में देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण कारक हैं।

चंद्रमा और मंगल ग्रह अन्वेषण में विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त उपलब्धियों के साथ, भारत अब मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों की ओर आगे बढ़ते हुए अपने स्वयं के अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ग्रुप कैप्टन शुक्ला की अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सफल यात्रा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो एक अंतरिक्ष यात्री के रूप में देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में इसरो, भारतीय वायुसेना और अन्य राष्ट्रीय हितधारकों के बीच सामंजस्‍य को प्रदर्शित करती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts