एनडीए के प्रत्याशी और महाराष्ट्र गवर्नर सी पी राधाकृष्णन भारत के नए उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए

दिल्ली: मंगलवार को राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के प्रत्‍याशी और महाराष्ट्र गवर्नर सी पी राधाकृष्णन भारत के नए उपराष्‍ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने आई.एन.डी.आई. गठबंधन के प्रत्‍याशी और सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया। उपराष्ट्रपति चुनाव की मतगणना के बाद राज्यसभा के महासचिव और रिटर्निंग ऑफिसर पी सी मोदी ने इसकी जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि कुल 781 मतदाता सांसदों में से 767 सांसदों ने मतदान किया। श्री मोदी ने बताया कि 767 मतों में से 752 वैध पाए गए और 15 मत अमान्य घोषित किए गए। उन्होंने बताया कि नए संसद भवन में हुए मतदान में 752 वैध मतों में से, सी पी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले। बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले।राज्यसभा महासचिव ने बताया कि उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया गया। यह चुनाव स्वास्थ्य कारणों से पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद कराया गया।

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच आयोजित किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट डाला। इसके अलावा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, जगत प्रकाश नड्डा, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी मतदान किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यसभा उपाध्यक्ष हरिवंश, जनता दल यूनाइटेड नेता संजय झा, जनता दल सेक्‍युलर सांसद एच.डी. देवगौड़ा, शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे, एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी ने भी अपने वोट डाले। विपक्षी कांग्रेस के सांसदों मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी, एनसीपी के शरद पवार, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव और डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने भी मतदान किया।

तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्‍मे चंद्रपुरम पोनसामी राधाकृष्णन ने एक छात्र नेता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। वह राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ और जन संघ जैसे संगठनों में सक्रिय रूप से शामिल थे। उन्हें कोयंबटूर से लोकसभा के लिए दो बार चुना गया था। श्री राधाकृष्णन ने झारखंड, तेलंगाना, पुद्दुचेरी और महाराष्ट्र के गवर्नर के रूप में भी काम किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts