नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से 15 सितंबर तक यानी अगले तीन दिन पांच राज्यों का दौरा करेंगे। पीएम आज मिजोरम और मणिपुर का दौरा करेंगे। पीएम आइज़ोल में 9000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
इनमें बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन शामिल भी है। यह लाइन आइज़ोल को भारतीय रेल के नेटवर्क से जोड़ती है। वहीं मणिपुर में भी पीएम कई विकास परियोजनाओं का शुभारम्भ और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री असम के गुवाहाटी में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती समारोह में भाग लेंगे। पीएम कल असम में 18,350 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का शुभारंभ करेंगे, साथ ही क्षेत्रीय संपर्क को आगे बढ़ाते हुए पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री पूर्णिया में लगभग 36,000 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। 15 सितंबर को पीएम कोलकाता में 16वें संयुक्त कमांडर सम्मेलन-2025 का उद्घाटन करेंगे।
