सपा के 3 बागी विधायक BJP में शामिल, स्मृति ईरानी ने अखिलेश-कांग्रेस पर साधा निशाना; बोलीं— युवराज को शहंशाह नहीं बना पाओगे

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सपा के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। अमेठी में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में तीनों विधायकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई दलों को एक साथ लाकर भी कांग्रेस अपने युवराज को शहंशाह नहीं बना पाएगी। उन्होंने अमेठी का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए और कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लगातार चुनावी हार का सामना करती रही है।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सत्ता के लिए इस स्तर तक नहीं गिरना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक अभय सिंह ने कहा कि रामचरितमानस जलाए जाने की घटना पर सपा के विरोध नहीं करने से उनकी भावनाएं आहत हुई थीं। इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। वहीं, राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि वह भाजपा में केवल विधायक बनने नहीं, बल्कि भाजपा का विधायक बनाने के उद्देश्य से आए हैं।

गौरतलब है कि फरवरी 2024 में उत्तर प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा के सात विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। इनमें ये तीनों विधायक भी शामिल थे।

अब तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस घटनाक्रम को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related posts