लद्दाख में सामान्य स्थिति बहाल, सभी प्रतिबंध हटाए गए

नई दिल्ली: लद्दाख में अब हालात पूरी तरह सामान्य हो चुके हैं। प्रशासन द्वारा लगाए गए सभी अस्थायी प्रतिबंध हटा लिए गए हैं, और इंटरनेट सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं। स्कूल और कॉलेजों में नियमित तौर पर पढ़ाई शुरू हो गई है।

बीते महीने 24 सितंबर को लेह में हुई एक अप्रिय घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कुछ पाबंदियां लागू की थीं। गुरुवार को लेह में मुख्य सचिव डॉ. पवन कोतवाल की अध्यक्षता में शांति बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना के बाद की स्थिति और क्षेत्र में अमन बहाली को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य सचिव डॉ. कोतवाल ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। उन्होंने कहा कि लद्दाख हमेशा से अपनी शांति, सांस्कृतिक विरासत, देशभक्ति और सामुदायिक सौहार्द के लिए जाना जाता है, और यही इसकी असली पहचान है।

मुख्य सचिव ने भरोसा दिलाया कि केंद्र शासित प्रदेश का प्रशासन लद्दाख की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और शांति बहाली के लिए हर संभव कदम उठाया गया है।

इस मौके पर उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने भी प्रशासन, सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से लद्दाख में शांति और सामान्य स्थिति तेजी से लौट आई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts