प्रयागराज:  माघ मेले में कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालु कर रहे कल्पवास

लखनऊ:- महाशिवरात्रि तक चलने वाले प्रयागराज के पौराणिक माघ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां कल्पवास करने पहुंचे हैं, जो गंगा की रेती पर बने टेंट में जमीन पर सोने और संगम स्नान कर घर गृहस्थी से मन हटाकर आध्यात्मिक साधना के कठिन तप को प्रसन्न चित्त से पूरा कर रहे हैं।

संगम तट पर लोग भजन-कीर्तन, भंडारा,सेवा, धार्मिक साहित्य के प्रचार-प्रसार और साधु-संतों के सत्संग का लाभ ले रहे हैं। प्रशासन ने गंगा की रेती पर बनी टेंट सिटी में बिजली, पानी, सड़क, बैंक, फायर ब्रिगेड समेत श्रद्धालुओं की जरूरत की सभी सुविधाएं मुहैया कराई हैं।

सुरक्षा को लेकर सतर्क प्रशासन पूरे मेला क्षेत्र में 400 से अधिक एआई-इनेबल्ड सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे नजर रख रहा है। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी भीड़ और यातायात की लगातार निगरानी की जा रही है। जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के गोताखोरों को संगम और आसपास के घाटों पर तैनात किया गया है।

किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एटीएस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की भी तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र को कई सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया TRUTH WATCH INDIA के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts