ट्रम्प की बेटी टिफनी ने ताजमहल की खूबसूरती को सराहा, संगमरमर और नक्काशी को लेकर पूछे सवाल

दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ शनिवार को आगरा पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। करीब एक घंटे तक ताजमहल परिसर में बिताए गए इस दौरे के दौरान टिफनी इसकी अद्भुत वास्तुकला और बारीक नक्काशी से काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने ताजमहल के इतिहास और निर्माण से जुड़ी कई जानकारियां भी हासिल कीं।

ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी ने गाइड से संगमरमर और उसमें की गई कलात्मक नक्काशी के बारे में विस्तार से पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि ताजमहल में इस्तेमाल हुआ इतना सुंदर संगमरमर कहां से लाया गया और इसकी बेमिसाल कारीगरी कैसे संभव हुई। गाइड ने उन्हें बताया कि ताजमहल के निर्माण में इस्तेमाल किया गया संगमरमर भारत का ही है, जबकि इसमें जड़े गए कई कीमती पत्थर अफ्रीका, यमन और अन्य देशों से मंगाए गए थे।

टिफनी और माइकल ने ताजमहल परिसर में स्थित प्रसिद्ध डायना बेंच के पास भी समय बिताया और एक-दूसरे का हाथ थामकर कई यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। दोनों ने अपने स्टाफ के साथ ग्रुप फोटो भी ली। इस दौरान टिफनी नारंगी रंग की लंबी ड्रेस में नजर आईं, जबकि माइकल कैजुअल टी-शर्ट और ट्राउजर में दिखाई दिए।

सुबह खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उनका काफिला सीधे ताजमहल पहुंचा। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे। ताजमहल भ्रमण के बाद दोनों होटल अमर विलास पहुंचे, जहां से उन्होंने ताजमहल का शानदार नाइट व्यू भी देखा।

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में डोनाल्ड ट्रम्प अपनी पत्नी मेलानिया ट्रम्प और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ताजमहल का दौरा कर चुके हैं। करीब छह वर्ष बाद ट्रम्प परिवार का एक और सदस्य आगरा पहुंचा है। रविवार सुबह टिफनी और माइकल चार्टर्ड विमान से राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो गए।

Related posts