अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का निधन, अंतिम विदाई में भावुक दिखे अभिनेता

साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का शनिवार को चेन्नई में निधन हो गया। वह 85 वर्ष की थीं और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, प्रशंसकों और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मोहिनी मणि का अंतिम संस्कार रविवार सुबह चेन्नई के बेसंत नगर श्मशान घाट में किया गया। उनका पार्थिव शरीर इंजामबक्कम स्थित आवास से अंतिम यात्रा के लिए श्मशान घाट ले जाया गया। इस दौरान अभिनेता अजित कुमार बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतिम संस्कार की मुख्य रस्में अजित के छोटे भाई अनिल कुमार ने संपन्न कराईं।

मां के निधन की सूचना मिलते ही अजित कुमार चेन्नई पहुंचे। उनके घर पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी शनिवार शाम अजित के घर पहुंचे और उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी। उन्होंने मोहिनी मणि के निधन पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अभिनेत्री तृषा कृष्णन सहित फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। अभिनेता सरथकुमार, नासिर, निर्देशक शंकर, ए.एल. विजय और शिवा समेत कई सितारों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गौरतलब है कि अजित कुमार के पिता पी. सुब्रमण्यम का भी वर्ष 2023 में निधन हो गया था। अब माता के निधन से परिवार को एक और बड़ा सदमा लगा है। प्रशंसक सोशल मीडिया पर अजित और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

Related posts