शादी के कुछ घंटों बाद हेलिकॉप्टर हादसे में भारतवंशी पायलट की मौत, पत्नी 6 घंटे तक मलबे में फंसी रही

दिल्ली: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां शादी के कुछ ही घंटों बाद भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और करीब छह घंटे तक जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर के मलबे में फंसी रहीं। इस घटना ने दोनों परिवारों और चर्च समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के मुताबिक, डेव फिजी और जेस्नी की शादी 29 मई को जॉर्जिया के डॉसनविल स्थित ‘द रिवेरे’ वेडिंग वेन्यू में हुई थी। शादी समारोह में लगभग 400 मेहमान शामिल हुए थे। शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा हेलिकॉप्टर से अटलांटा के लिए रवाना हुआ, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलिकॉप्टर घने जंगल वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड यानी NTSB इस हादसे की जांच कर रही है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार खराब मौसम और घना कोहरा दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकते हैं। डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि उनके बेटे ने उड़ान से पहले मौसम को लेकर चिंता भी जताई थी। हालांकि हेलिकॉप्टर पायलट ने सुरक्षित उड़ान का भरोसा दिया, जिसके बाद यात्रा जारी रखी गई।

हादसे के बाद राहत दलों को घने जंगल और खराब मौसम के कारण मलबे तक पहुंचने में कई घंटे लग गए। जेस्नी लगभग छह घंटे तक मलबे में फंसी रहीं। होश आने पर उन्होंने खुद को टूटे हुए हेलिकॉप्टर के बीच पाया और देखा कि डेव उनकी छाती पर सिर रखे हुए थे। पेशे से नर्स जेस्नी ने तुरंत समझ लिया कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे।

डेव फिजी का परिवार मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला है। वहीं जेस्नी का परिवार अलाप्पुझा से संबंध रखता है। इस दर्दनाक हादसे ने एक खुशहाल शादी को कुछ ही घंटों में मातम में बदल दिया।

Related posts