हालांकि, आइजनकोट को नेतन्याहू के इस प्रस्ताव पर भरोसा नहीं है। वे फिलहाल अपनी सरकार बनाने की कोशिशों में जुटे हैं। उनके पास बहुमत साबित करने के लिए 6 दिसंबर तक का समय है।
दरअसल, इजराइल की संसद में कुल बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत है, जबकि आइजनकोट के चार दलों के गठबंधन के पास फिलहाल 48 सीटें हैं। यानी सरकार बनाने के लिए उन्हें 13 और सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। इसके लिए वे अरब पार्टियों और कट्टरपंथी यहूदी धार्मिक दलों से बातचीत कर रहे हैं।
वहीं, इजराइल बेतेनु पार्टी के प्रमुख एविगडोर लिबरमैन ने नेतन्याहू के प्रस्ताव को राजनीतिक चाल बताया है। उनका कहना है कि नेतन्याहू सरकार गठन की प्रक्रिया को लंबा खींचकर देश में दोबारा चुनाव कराने की रणनीति बना सकते हैं।
दूसरी तरफ, आइजनकोट ने लिकुड पार्टी पर गंभीरता से बातचीत नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। इनमें 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले की जांच, कट्टरपंथी नेताओं को सरकार से हटाना और सैन्य सेवा से जुड़े कानून जैसे मुद्दे शामिल हैं।
अब सबकी नजर 6 दिसंबर की समयसीमा पर है। अगर आइजनकोट सरकार बनाने में नाकाम रहते हैं, तो राष्ट्रपति दोबारा नेतन्याहू को मौका दे सकते हैं। दोनों नेता बहुमत जुटाने में विफल रहे, तो इजराइल में फिर से चुनाव कराने की नौबत आ सकती है।
