ब्यूरो चंडीगढ़: पंजाब में टैक्स चोरी पर लगाम लगाने के लिए मान सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष टीमों ने लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक वाहनों में ले जाए जा रहे सामान की जांच की। जांच के दौरान करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का ऐसा सामान पकड़ा गया, जिसे कथित तौर पर फर्जी और नकली बिलों के जरिए बेचा जा रहा था।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इस कार्रवाई के तहत संबंधित कारोबारियों पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये का जुर्माना और टैक्स दायित्व निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राजस्व बढ़ाने और कर व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चीमा ने प्रदेश के सभी व्यापारियों और उद्योगपतियों से अपील करते हुए कहा कि वे टैक्स चोरी जैसे अवैध कार्यों से दूर रहें और अपना बकाया कर समय पर जमा करें। उन्होंने कहा कि करदाताओं द्वारा ईमानदारी से दिया गया टैक्स राज्य के विकास, बुनियादी ढांचे के निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब और देश के विकास में प्रत्येक नागरिक और कारोबारी की भागीदारी जरूरी है। इसलिए सभी व्यापारी नियमों का पालन करें और पारदर्शी व्यापारिक व्यवस्था को बढ़ावा दें, ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
