किसिंग सीन के दौरान असहज हुईं प्रिया बापट, सालों बाद साझा किया शूटिंग का अनुभव

मुंबई : मराठी सिनेमा और ओटीटी की लोकप्रिय एक्ट्रेस प्रिया बापट ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने उन्हें काफी असहज कर दिया था। एक इंटरव्यू में प्रिया ने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें किसिंग सीन को लेकर शुरुआत से ही संदेह था। उनका कहना था कि उन्हें सीन करने से आपत्ति नहीं थी, लेकिन वह जानना चाहती थीं कि कहानी में उस सीन की वास्तविक जरूरत क्या है।

प्रिया के मुताबिक, डायरेक्टर लगातार इस सीन को फिल्म में रखने पर जोर दे रहे थे। काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अपनी झिझक को पीछे छोड़ते हुए सीन के लिए हामी भर दी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट रूप से केवल एक किसिंग सीन के लिए सहमति दी थी।

एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि बाद में गाने की शूटिंग के दौरान उनके को-स्टार ने बार-बार इम्प्रोवाइजेशन के नाम पर उन्हें किस करना शुरू कर दिया। इस स्थिति ने उन्हें बेहद असहज कर दिया, लेकिन उस समय वह अपने लिए आवाज नहीं उठा सकीं। प्रिया ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस परिस्थिति को कैसे संभालें और अपनी बात कैसे रखें।

उन्होंने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान उनका को-स्टार लगातार उन्हें मैसेज करता था और डिनर, ब्रेकफास्ट या अन्य गतिविधियों के लिए बुलाने की कोशिश करता था। हालांकि प्रिया हर बार इन प्रस्तावों को विनम्रता से ठुकराती रहीं। इस पूरे घटनाक्रम के बारे में वह रोज अपने पति और अभिनेता उमेश कामत से बात करती थीं।

बाद में उमेश कुछ दिनों के लिए शूटिंग लोकेशन पर भी पहुंचे और उनके साथ रहे। प्रिया ने कहा कि उनके पूरे करियर में यह एकमात्र ऐसा अनुभव था जिसने उन्हें इस तरह असहज महसूस कराया। बता दें कि प्रिया बापट ‘मुन्नाभाई MBBS’, ‘काकस्पर्श’, ‘सिटी ऑफ ड्रीम्स’ और ‘रात जवां है’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं।

Related posts