67 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी, पंजाब मॉडल की फिर हुई चर्चा

दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बार फिर राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने 355 और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद अब तक 67,037 युवाओं को पूरी तरह योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह भ्रष्टाचार और सिफारिश से मुक्त रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि जहां देश के कई हिस्सों में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं, वहीं पंजाब ने ईमानदार भर्ती और शिक्षा व्यवस्था के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि राज्य ने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किए हैं, जिसकी सराहना पूरे देश में हो रही है।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनसे जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को कार्यालयों में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार करना चाहिए। सरकार का उद्देश्य केवल नौकरी देना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिसमें लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

भगवंत मान ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को विदेश जाने से रोकने और उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार रोजगार, शिक्षा और विकास के नए अवसर पैदा करके युवाओं को अपने सपनों को पंजाब की धरती पर ही पूरा करने का मौका दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “आप” सरकार का लक्ष्य युवाओं को प्रगति के पंख देना है, ताकि वे अपने परिवार, समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

Related posts