उत्तर प्रदेश: लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित कार्यकर्ता विकास वर्ग – प्रथम का समापन समारोह उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से आए स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक कार्यों, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। 
समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने आत्मनिर्भरता, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के विकास और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सशक्त और जागरूक युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने भी संबोधित किया। उन्होंने संघ की कार्यपद्धति, राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका और सामाजिक समरसता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना संघ के कार्यों का प्रमुख उद्देश्य है।
समापन समारोह में कार्यकर्ता विकास वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह तथा विभाग संघचालक अरविंद जैन की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। वक्ताओं ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग केवल संगठनात्मक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने राष्ट्र सेवा और समाज कल्याण के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
