14 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मिला पॉलीक्लिनिक का दर्जा

गुणवत्तापरक इलाज उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन को उनके घर के समीप गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जनपद लखनऊ में मई माह से सिटी पॉलीक्लिनिक योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत जनपद के 14 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यू-पीएचसी) को उच्चीकृत कर सिटी पॉलीक्लिनिक के रूप में विकसित किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दी।

औरंगाबाद पीएचसी में फीटा काटकर उच्चीकृत 14 सिटी पॉलीक्लिनिक का लोकार्पण कर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञों द्वारा विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से प्रदेश में यह योजना शुरू की गई है। फिलहाल केवल नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों कर यह सुविधाएं दी जाएंगी। निकट भविष्य में सभी सीएचसी पर भी यह योजना लागू कर दी जायेगी।

उन्होंने बताया कि पॉलीक्लिनिक में सभी कार्यदिवसों पर आवश्यकता के अनुसार रोस्टर तैयार कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर आने वाले मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार हेतु पॉलीक्लिनिक के लिए रेफर किया जा सकेगा।

यह सुविधाएं मिलेंगी

पॉलीक्लिनिक में स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी) रोग, त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा (जनरल फिजिशियन), नेत्र रोग तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां पर ऑन कॉल तथा बैठने वाल विशेषज्ञ चिकित्सकों को कार्यदिवसों के अनुसार मानदेय दिया जाएगा।

इन विशेष केंद्रों पर टेलीमेडिसिन सुविधा, 63 प्रकार की डायग्नोस्टिक जांच सेवाएं तथा 195 प्रकार की आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। मरीजों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए पॉलीक्लिनिक में स्टाफ नर्स, ऑप्टोमेट्रिस्ट, फिजियोथैरेपिस्ट तथा इंटीग्रेटेड काउंसलर की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

इन केंद्रों का हुआ उच्चीकरण

बरावन कलां, वृंदावन, भरवारा, जियामऊ, पिपराघाट, जानकीपुरम, आईआईएम, खड़गापुर, जरहरा, औरंगाबाद, नादरगंज, नाका, न्यू हैदरगंज, और छितवापुर शहरी परिवार कल्याण केंद्र।

आयुष्मान कार्ड-पोषण पोटली वितरित

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड एवं 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित कीं। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय तम्बाकू रोग नियंत्रण कार्यक्रम के स्टाल पर भी डिप्टी सीएम ने भ्रमण किया।

कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित कुमार घोष, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण, महानिदेशक, परिवार कल्याण डॉ. एचडी अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ. एनबी सिंह जी, महानिदेशक, प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे की एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related posts