पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के युवाओं और कर्मचारियों के लिए बड़ा संदेश देते हुए 523 युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक पूरी पारदर्शिता के साथ 67,563 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को रोजगार देने और सरकारी भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी नियुक्तियां केवल योग्यता और मेरिट के आधार पर की जा रही हैं, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि प्रोबेशन अवधि पूरी करने के बाद ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के कर्मचारियों, नर्सों और कांस्टेबलों को उनके घर से अधिकतम 40 किलोमीटर के दायरे में तैनाती दी जाएगी। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 990 आम आदमी क्लिनिक सफलतापूर्वक लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जबकि 400 नए क्लिनिक निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को हर नागरिक तक पहुंचाना है।
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जनता का पैसा सीधे जनता के कल्याण पर खर्च कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों, युवाओं और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पंजाब को विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
