कोलकाता में योग दिवस के लिए 7 दिन तक बंद रहा रेड रोड, हाईकोर्ट ने दिए वैकल्पिक रास्तों के निर्देश

कोलकाता: कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं। 21 जून को होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की तैयारियों के चलते रेड रोड को 14 जून से ही बंद कर दिया गया है। सड़क बंद होने से आम लोगों और वकीलों को हो रही परेशानी को लेकर मामला कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंच गया।

ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन यानी AILU की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि रेड रोड बंद होने के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि जब तक सड़क बंद है, तब तक लोगों के लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की जाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद रेड रोड को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोल दिया जाए।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील विकास रंजन भट्टाचार्य ने कहा कि पूरी सड़क बंद करने के बजाय एक हिस्सा खुला रखा जा सकता था, जिससे लोगों को लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ता। वहीं राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और आसपास कई वैकल्पिक मार्ग मौजूद हैं। सरकार ने दावा किया कि इससे लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

रेड रोड बंद करने के फैसले पर TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने भी सवाल उठाए हैं। वहीं कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर भी विवाद सामने आया है। राज्य सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों से योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई थी, जिस पर कर्मचारी संगठनों ने आपत्ति जताई। हालांकि कोर्ट ने साफ किया कि कार्यक्रम में शामिल होना अनिवार्य नहीं है।

इस बार योग दिवस को खास बनाने के लिए हुगली नदी में 500 से ज्यादा नावों पर योग प्रदर्शन की तैयारी भी की जा रही है। करीब 35 हजार लोगों के मुख्य कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के जरिए नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश भी की जा सकती है।

Related posts