DELHI:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निवासी ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन से अपना Axiom-04 मिशन पूरा कर वापस लौट आए हैं। मंगलवार को उनका ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट भारतीय समयानुसार तीन बजे कैलीफोर्निया के तट पर सफलता पूर्वक लैंड किया। लखनऊ के सीएमएस स्कूल में अंतरिक्ष से आ रहे ड्रैगन कैप्सूल के लैंडिंग का सजीव प्रसारण चलाया गया। इस दौरान शुभांशु शुक्ला के माता-पिता मौजूद रहे। शुभांशु शुक्ला के ड्रैगन कैप्सूल को सकुशल लैंड करते देख उनकी मां आशा देवी और पिता शंभू दयाल शुक्ला भावुक हो गए। मां बोलीं ये हमारे जीवन का सबसे बड़ा गौरवपूर्ण क्षण है। आपको बता दे की शुभांशु शुक्ला 14 जुलाई को अपने तीन अन्य साथी पेगी व्हिटसन, स्लावोस्ज उज्नान्स्की-विश्निव्स्की, टिबोर कापु के साथ अंतरिक्ष से ‘ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट’ सें धरती के लिए रवाना हुए थे। अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) और उनके तीन साथी Axiom-04 मिशन के तहत 25 जून 2025 को फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरी थी। 26 जून को सुरक्षित तरीके से स्पेस सेंटर पहुंच गए थे। अब सभी अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में सफल प्रयोग करने के बाद धरती पर सकुशल लौट आए हैं।
