राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 65 हस्तियों को दिए पद्म पुरस्कार, रोहित शर्मा से लेकर अलका याग्निक तक हुए सम्मानित

दिल्ली: देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों का भव्य समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 65 प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया। 23 जून को आयोजित इस समारोह में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए गए। इन सम्मानों के जरिए कला, साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान, समाज सेवा और खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को देश ने सम्मान दिया।

इस चरण में कुल 65 पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें 2 पद्म विभूषण और 7 पद्म भूषण पुरस्कार शामिल हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, टेनिस जगत के दिग्गज विजय अमृतराज, मशहूर अभिनेता ममूटी और लोकप्रिय गायिका अलका याग्निक भी सम्मान पाने वालों में शामिल रहे।

अभिनेता ममूटी, विजय अमृतराज और अलका याग्निक को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। वहीं अमेरिका में कार्यरत प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी को चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया। रूस की ल्यूडमिला खोखलोवा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी नेता शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया। उनकी ओर से यह सम्मान उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया। समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

गौरतलब है कि पद्म पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है। पद्म विभूषण भारत रत्न के बाद देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जबकि पद्म भूषण तीसरा और पद्म श्री चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है। ये पुरस्कार राष्ट्र निर्माण में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को समर्पित होते हैं।

Related posts