ब्यूरो: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबैन स्थित उप ज्योतिर्लिंग नागेश्वर महादेव धाम के पूज्य संत नटराज गिरि जी महाराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री धाम पहुंचे और संत नटराज गिरि जी महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया, जहां हाल ही में मंदिर के गुंबद गिरने की घटना से नुकसान हुआ था। उन्होंने प्रभावित स्थल का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और धाम के पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत नटराज गिरि जी महाराज का आध्यात्मिक, सामाजिक और धार्मिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने जीवन को धर्म, समाज और मानव सेवा के लिए समर्पित किया और अनगिनत श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने इस कठिन समय में नगरवासियों, संत समाज तथा पूज्य महंत त्रिकाल गिरि जी महाराज के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में संत समाज और श्रद्धालुओं के साथ खड़ी है।
धाम के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने 21 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने विश्वास जताया कि नागेश्वर महादेव धाम भविष्य में और अधिक भव्य स्वरूप में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्थानीय लोगों, संत समाज और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इससे धाम के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
