गुरुग्राम: हरियाणा में निवेश और रोजगार को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ में IKEA India के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पैट्रिक एंटोनी के नेतृत्व में आए स्वीडिश प्रतिनिधिमंडल से महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान गुरुग्राम में स्थापित किए जा रहे करीब 4,000 करोड़ रुपये के IKEA प्रोजेक्ट की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में हरियाणा में भविष्य के नए निवेश अवसरों पर भी व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी और निवेश से जुड़ी किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत–विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल है और सरकार उद्योगों के लिए पारदर्शी, सरल तथा निवेश-अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है।
IKEA का गुरुग्राम प्रोजेक्ट प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगा। इसके साथ ही स्थानीय उद्योगों, सप्लाई चेन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले समय में वैश्विक कंपनियों के निवेश से हरियाणा की औद्योगिक और आर्थिक विकास यात्रा को और अधिक गति मिलेगी, जिससे प्रदेश आत्मनिर्भर और विकसित अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
