NEET-UG 2027 में बड़ा बदलाव की तैयारी! 6 दिन चलेगी परीक्षा, अब पूरी तरह Computer Based Test

दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2027 में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। अब यह परीक्षा पारंपरिक पेन-पेपर मोड की बजाय पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी CBT मोड में आयोजित होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परीक्षा एक ही दिन नहीं बल्कि कम से कम 6 दिनों तक अलग-अलग शिफ्टों में कराई जाएगी। इसके लिए देशभर में 1,000 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

हर साल लगभग 25 लाख छात्र NEET-UG परीक्षा में शामिल होते हैं। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए अब परीक्षा का आयोजन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main की तर्ज पर कई दिनों में किया जाएगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।

यह बदलाव 2024 के NEET पेपर लीक विवाद के बाद शुरू हुए परीक्षा सुधारों का हिस्सा माना जा रहा है। पेपर लीक और अनियमितताओं के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव की घोषणा की थी। इसी दिशा में शिक्षा मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय मिलकर नई परीक्षा व्यवस्था तैयार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि NEET-UG के अंकों के आधार पर देशभर के मेडिकल, डेंटल, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा संस्थानों में प्रवेश दिया जाता है। इसलिए परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

वहीं, वर्ष 2026 में आयोजित NEET-UG परीक्षा भी विवादों में रही थी। 3 मई को हुई परीक्षा के बाद गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आने पर 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी और दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई। पूरे मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा और मल्टी-डे एग्जाम सिस्टम लागू होने से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी और छात्रों को अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली मिलेगी।

Related posts