चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ और पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में मौसम बदल गया है। मिर्जापुर और वाराणसी में शनिवार देर रात हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि रविवार सुबह प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ समेत 24 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया।मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज पूर्वी यूपी के 4 जिलों वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।बढ़ती ठंड और कोहरे के चलते यूपी राहत आयुक्त ने लोगों से सुबह के वक्त जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। बुजुर्गों और बच्चों का खास ख्याल रखने को कहा है।पिछले 24 घंटे की बात करें तो सुबह और रात के वक्त ठंड महसूस हुई। गोरखपुर को छोड़कर पूरे प्रदेश में दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे पहुंच गया है, जबकि रात का पारा 11°C रिकॉर्ड किया गया। हरदोई और फतेहपुर प्रदेश में सबसे ठंडे रहे।
लखनऊ: आसमान में हल्के बादल छाए हैं। हवा में नमी की वजह से धूप बेअसर है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 153 दर्ज किया गया। यानी हवा की क्वालिटी यलो जोन में रही। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 15 डिग्री रहने का अनुमान है।
वाराणसी: सुबह हल्की धुंध छाई रही। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो गई। चक्रवाती तूफान के असर से दिन में हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। कल से घना कोहरा पड़ने के आसार हैं।
कानपुर: आसमान में बादल दिख रहे हैं। हल्की धूप भी निकली है। हालांकि, नमी भरी हवाओं की वजह से ठिठुरन का एहसास हो रहा है। दिनभर मौसम साफ रहेगा। शाम से ठंड अपना असर दिखाना शुरू करेगी।
प्रयागराज: सुबह से घना कोहरा छाया है। दृश्यता बेहद कम हो गई है। ठंड का भी असर बढ़ता दिखाई दे रहा है। दो दिनों में तापमान में 3 से 4°C गिरावट दर्ज की गई है। दिन में बूंदाबांदी के आसार हैं।
गोरखपुर: सुबह ठिठुरन रही। हल्की धुंध छाई रही। रात के समय ठंड का असर तेजी से बढ़ता है। हालांकि, दिन में निकल रही तेज धूप से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है।
