न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी 720 रन बनाकर घोषित कर दी. टीम इंडिया के लिए केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक लगाया और कप्तान शुभमन गिल सहित चार बल्लेबाजों ने फिफ्टी लगाई. यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है.
आजकल टेस्ट मैचों में 600-700 जैसे बड़े स्कोर कम ही देखने को मिलते हैं. मगर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के इस दौर में एक टीम टिक जाए तो शायद 1000 रन भी कम पड़ जाएं. हालांकि अब तक टेस्ट के इतिहास में कभी एक पारी में 1000 रन नहीं बने हैं. यहां आप उन टीमों की लिस्ट देख सकते हैं, जिन्होंने टेस्ट में सबसे ज्यादा बार 700 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं.न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने 720 रन बनाए. यह कुल पांचवीं बार है जब भारत ने रेड-बॉल क्रिकेट में 700 रनों का आंकड़ा छुआ है. मगर टेस्ट में सबसे ज्यादा बार 700+ रन बनाने वाली टीमों में भारत दूसरे स्थान पर है. जबकि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज इस सूची में भारत से पीछे हैं, जिन्होंने चार-चार बार यह मुकाम हासिल किया है.
टेस्ट में सबसे ज्यादा 700+ रन
7 बार – श्रीलंका
5 बार – भारत
4 बार – ऑस्ट्रेलिया
4 बार – इंग्लैंड
4 बार – वेस्टइंडीज
2 बार – पाकिस्तान
श्रीलंका ने सबसे ज्यादा 7 बार रेड बॉल क्रिकेट में 700 रनों का आंकड़ा पार किया है. टीम इंडिया इस लिस्ट में उसके पीछे-पीछे चल रही है, जिसने पांच बार 700+ स्कोर बनाया है. पाकिस्तान केवल दो बार ऐसा कर पाया है.
श्रीलंका और इंग्लैंड ऐसे 2 देश हैं, जिन्होंने एक टेस्ट पारी में 900 रनों का आंकड़ा छुआ है. टेस्ट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर पिछले 29 सालों से श्रीलंका के नाम है. साल 1997 में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ 952 रन बना डाले थे. ये वही मैच था जिसमें सनथ जयसूर्या ने 340 रन बनाए थे.
