निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु की विधि-विधान से आराधना की और व्रत व पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जल, फल सहित विभिन्न वस्तुओं का दान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। घाटों पर भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सनातन धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक व्रत, स्नान और भगवान विष्णु की पूजा करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इसी विश्वास के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर अपनी आस्था प्रकट की। गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
