न्यू दिल्ली: एम्पलाई प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन यानी EPFO अपने करोड़ों खाताधारकों के लिए बड़ा डिजिटल बदलाव करने की तैयारी में है। EPFO 3.0 के तहत अब पीएफ अकाउंट होल्डर्स को अपने खाते से पैसे निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना नहीं पड़ेगा। नई सुविधा के आने के बाद लोग UPI और ATM के जरिए भी अपने PF का पैसा निकाल सकेंगे। इस सिस्टम को जून के अंत तक शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
नए सिस्टम के तहत योग्य सदस्य अपने EPF बैलेंस का 75% तक हिस्सा निकाल सकेंगे। हालांकि इसके लिए मौजूदा नियमों के आधार पर पात्रता तय की जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक UPI या UPI से जुड़े ATM के जरिए पैसा निकालने पर रकम सीधे लिंक किए गए बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगी।
EPFO 3.0 की यह सुविधा नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया यानी NPCI की मदद से तैयार की जा रही है। इसमें सुरक्षा के लिए आधार OTP वेरिफिकेशन जरूरी होगा। सदस्य को सपोर्टेड UPI ऐप के जरिए विड्रॉल शुरू करने से पहले आधार आधारित OTP से अपनी पहचान सत्यापित करनी होगी। इसके बाद पैसा तुरंत बैंक खाते में पहुंच जाएगा।
इसके अलावा EPFO अपने सदस्यों को PF लिंक्ड ATM कार्ड देने की तैयारी भी कर रहा है। इससे लोग सामान्य डेबिट कार्ड की तरह ATM से अपनी योग्य राशि निकाल पाएंगे। नए सिस्टम में यह भी ध्यान रखा जाएगा कि रिटायरमेंट की बचत पूरी तरह खत्म न हो, इसलिए खाते में कुछ रकम बची रह सकती है।
इस सुविधा का फायदा लेने के लिए UAN एक्टिव होना चाहिए और आधार से लिंक होना जरूरी होगा। साथ ही PAN डिटेल्स अपडेट और बैंक अकाउंट वेरिफाइड होना चाहिए।
EPFO ने क्लेम सेटलमेंट को तेज करने के लिए ऑटो-सेटलमेंट लिमिट भी 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दी है। इससे छोटे क्लेम बिना मैनुअल अप्रूवल के जल्दी प्रोसेस हो सकेंगे। EPFO 3.0 का मकसद पीएफ सेवाओं को ज्यादा आसान, तेज और डिजिटल बनाना है।
