खड़ी कार में अचानक खुला एयरबैग, 25 साल के युवक की मौत: 15 साल पुरानी गाड़ी में हुआ हादसा

मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खड़ी कार में अचानक एयरबैग खुलने से एक 25 साल के युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान मोहित सोनी के रूप में हुई है, जो कार डीलर का काम करता था। बताया जा रहा है कि मोहित एक 15 साल पुरानी कार के अंदर बैठा हुआ था, तभी अचानक गाड़ी का सेफ्टी सिस्टम एक्टिव हो गया और एयरबैग तेजी से खुल गया।

एयरबैग खुलने के दौरान इतना तेज झटका लगा कि मोहित को गंभीर चोटें आईं। ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई। घटना ठाणे के काशिमीरा इलाके में बुधवार को हुई थी, जिसकी जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार पुरानी जरूर थी, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार उसका फिटनेस सर्टिफिकेट वैलिड था। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बिना किसी टक्कर के एयरबैग अचानक कैसे खुल गया। इसके लिए ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है।

जानकारों के मुताबिक एयरबैग कार का एक अहम सेफ्टी फीचर होता है, जो हादसे के समय यात्रियों को स्टीयरिंग, डैशबोर्ड या दरवाजों से टकराने से बचाता है। क्रैश सेंसर टक्कर महसूस करते ही एयरबैग कंट्रोल यूनिट को सिग्नल भेजते हैं और कुछ मिली सेकेंड में एयरबैग खुल जाता है। इसकी स्पीड 200 से 300 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है, इसलिए सीट बेल्ट लगाना बेहद जरूरी माना जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि ड्राइवर और स्टीयरिंग व्हील के बीच कम से कम 10 इंच की दूरी होनी चाहिए, ताकि एयरबैग खुलने पर चोट का खतरा कम हो। यह घटना एक बार फिर बताती है कि कार के सेफ्टी सिस्टम की समय-समय पर जांच कराना कितना जरूरी है।

Related posts