Delhi: टेक्नोलॉजी की दुनिया में Apple एक बड़े प्रोडक्ट अपग्रेड की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर में कंपनी दो बड़े इवेंट आयोजित कर सकती है। इनमें पहला टचस्क्रीन मैकबुक, OLED डिस्प्ले वाला नया आईपैड मिनी और M6 चिप से लैस मैक कंप्यूटर पेश किए जाने की संभावना है। हालांकि, इन प्रोडक्ट्स की आधिकारिक लॉन्च डेट और फीचर्स की पुष्टि होना अभी बाकी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में Apple का एक विशेष इवेंट हो सकता है। इसमें टचस्क्रीन मैकबुक प्रो आकर्षण का केंद्र बन सकता है। कहा जा रहा है कि नए मैकबुक में OLED डिस्प्ले और आईफोन जैसा डायनेमिक आइलैंड इंटरफेस देखने को मिल सकता है। इससे यूजर्स को नोटिफिकेशन और लाइव एक्टिविटी जैसी सुविधाएं इस्तेमाल करने का नया अनुभव मिल सकता है।
इसके अलावा, Apple अपने मैकबुक प्रो और आईमैक के नए मॉडल भी पेश कर सकता है। इन डिवाइस में अगली पीढ़ी की M6 चिप मिलने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर वीडियो एडिटिंग, फोटो प्रोडक्शन और म्यूजिक क्रिएशन जैसे काम करने वाले प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर अपग्रेड किए जा सकते हैं।
नए आईपैड मिनी को लेकर भी बड़ी चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें पहली बार OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। साथ ही वीडियो कॉलिंग बेहतर बनाने के लिए फ्रंट कैमरे की पोजीशन और स्पीकर सिस्टम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
वहीं, 13 अक्टूबर के संभावित स्मार्ट होम इवेंट में डिस्प्ले वाला स्मार्ट होम हब, नया होमपॉड मिनी और अपडेटेड Apple TV पेश किए जाने की चर्चा है। इन डिवाइस को नियंत्रित करने में Siri की अहम भूमिका हो सकती है।
अगर ये प्रोडक्ट्स लॉन्च होते हैं, तो Apple के मैक, आईपैड और स्मार्ट होम इकोसिस्टम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल, यूजर्स को कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
