विश्व चिकित्सक दिवस पर हरियाणा को बड़ी सौगात! CM नायब सिंह सैनी ने 7 स्वास्थ्य परियोजनाओं और 325 अमृत सरोवरों का किया लोकार्पण

हरियाणा: विश्व चिकित्सक दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला जिले के नारायणगढ़ में विकास परियोजनाओं की सौगात देकर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 7 प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं, नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल के 50 बेड वाले नए भवन तथा ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट को जनता को समर्पित किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क, बुनियादी ढांचे और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी कई नई विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर जिले और हर गांव तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर में तैयार किए गए 325 अमृत सरोवरों को भी जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अमृत सरोवर योजना से भूजल स्तर सुधारने, वर्षा जल संचयन बढ़ाने और गांवों के प्राकृतिक संसाधनों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को विश्व चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ रखने में चिकित्सकों की भूमिका अमूल्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में लगातार नए कदम उठाती रहेगी।

Related posts