अब ज्वेलर्स के पास भी जमा कर सकेंगे सोना, सरकार ला रही नई गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम

न्यू दिल्ली : अगर आपके घर में सोना रखा है और वह सिर्फ लॉकर में बंद पड़ा है, तो जल्द ही उससे कमाई करने का नया मौका मिल सकता है। केंद्र सरकार एक नई और अपडेटेड गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम लाने की तैयारी में है, जिसके तहत अब सिर्फ बैंक ही नहीं बल्कि ज्वेलर्स भी आम लोगों से सोना जमा कर सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले दो हफ्तों के भीतर इस नई योजना का ऐलान किया जा सकता है। नई व्यवस्था में देशभर के सर्राफा व्यापारियों को “कलेक्शन पार्टनर” बनाया जाएगा, जिससे लोगों के लिए सोना जमा करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।

अब तक गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम के तहत केवल चुनिंदा बैंक ही सोना जमा करते थे, लेकिन नई व्यवस्था में भरोसेमंद ज्वेलर्स भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन का कहना है कि इससे घरों में रखा निष्क्रिय सोना बाजार में आएगा और सरकार को 1000 टन से ज्यादा सोना जुटाने में मदद मिल सकती है। इतना ही नहीं, अगर भारतीय परिवारों के पास मौजूद कुल सोने का सिर्फ 5 प्रतिशत हिस्सा भी इस योजना में जमा होता है, तो देश की अर्थव्यवस्था में करीब 90 अरब डॉलर यानी लगभग 8.57 लाख करोड़ रुपये की नकदी आ सकती है।

इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि घर में रखा सोना अब सिर्फ सुरक्षित ही नहीं रहेगा बल्कि उस पर सालाना 2.25 से 2.5 प्रतिशत तक ब्याज भी मिल सकेगा। लोगों को बैंक लॉकर का किराया नहीं देना पड़ेगा और चोरी का खतरा भी कम होगा। योजना पूरी होने पर जमा करने वाला व्यक्ति चाहे तो अपनी रकम नकद ले सकता है या फिर फिजिकल गोल्ड के रूप में वापस प्राप्त कर सकता है। बताया जा रहा है कि नई स्कीम में टैक्स जांच और पुराने बिलों से जुड़ी परेशानियों को भी कम करने की कोशिश की जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे सोने का आयात घटेगा, घरेलू बाजार मजबूत होगा और लोगों के पास रखी निष्क्रिय संपत्ति देश की अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे सकेगी।

Related posts