UK: उत्तराखंड की बेटी और जर्मनी के बर्लिन में रह रहीं वैज्ञानिक, साहित्यकार एवं गीतकार डॉ. योजना साह जैन ने प्रवासी भारतीयों के भारत प्रेम को समर्पित एक अनूठा देशभक्ति गीत ‘मन जन गण मन गाएगा’ तैयार किया है। आयोजकों के अनुसार, यह अपनी तरह का पहला NRI एंथम है, जिसका आधिकारिक म्यूजिक वीडियो 5 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित कार्यक्रम ‘इंडिया बियॉन्ड बॉर्डर्स’ के दौरान लॉन्च किया जाएगा।
इस अवसर से पहले डॉ. योजना साह जैन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने अपनी तीन साहित्यिक कृतियां भी मुख्यमंत्री को भेंट कीं। मुख्यमंत्री ने उनके साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. जैन ने बताया कि यह गीत दुनिया के अलग-अलग देशों में बसे भारतीयों के अपनी मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम, भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित है। इस परियोजना को पूरा करने में एक वर्ष से अधिक समय लगा और इसमें 42 कलाकारों ने योगदान दिया। गीत के बोल, संगीत और निर्माण स्वयं डॉ. जैन ने किया है, जबकि कौशिकी खांड़ और सागर डी.आर. ने अपनी आवाज़ दी है।
गीत की सबसे भावुक पंक्ति “तन दूर देश की माटी से, पर मन जन गण मन गाएगा…” विदेशों में रहने वाले भारतीयों की मातृभूमि के प्रति गहरे लगाव को अभिव्यक्त करती है। यह कार्यक्रम भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वैश्विक भारतीय समुदाय को संगीत, साहित्य और संस्कृति के माध्यम से एक मंच पर जोड़ना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. योजना साह जैन भारतीय संस्कृति और उत्तराखंड की पहचान को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल भारत और दुनिया भर में बसे भारतीयों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
