यमुना एक्सप्रेसवे पर कथावाचक अभिनव अरोड़ा की डस्टर कार में लगी भीषण आग, परिवार ने कूदकर बचाई जान

उत्तर प्रदेश: मथुरा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रसिद्ध बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा की डस्टर कार में यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि अभिनव अरोड़ा, उनके माता-पिता और बहन समय रहते कार से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 2 बजे, अभिनव अरोड़ा अपने परिवार के साथ वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन-84 के पास पहुंची, इंजन से तेज धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए अभिनव के पिता तरुण अरोड़ा ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी। इसके बाद पूरा परिवार फौरन कार से बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी पर चला गया।

कुछ ही क्षणों में कार आग की लपटों से घिर गई और देखते ही देखते पूरी डस्टर जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई राहगीर वीडियो बनाने के लिए रुक गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने लोगों को हटाकर ट्रैफिक को सामान्य कराया और परिवार के लिए दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित दिल्ली रवाना किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। परिजनों के अनुसार, इसी कार में वृंदावन आते समय भी आग लगने की घटना हुई थी, लेकिन तब आग पर समय रहते काबू पा लिया गया था। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts