लखनऊ में शादी के 5 महीने बाद लापता महिला का शव मिला

लखनऊ में शादी के महज पांच महीने बाद एक महिला का शव उसकी ससुराल से करीब 70 किलोमीटर दूर नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान हिमांशी कश्यप के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।मायकेवालों के मुताबिक, 11 जुलाई को हिमांशी ने वॉट्सएप पर एक वॉयस मैसेज भेजकर कहा था, “मुझे सुबह 7 बजे तक यहां से ले जाओ।” इसके बाद अगली सुबह जब परिजन उसकी ससुराल पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला। हिमांशी और उसके ससुराल वालों के सभी मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ थे।

बेटी के अचानक गायब होने पर परिजन शिकायत लेकर इटौंजा थाने पहुंचे और वहीं डटे रहे। इसी बीच, 13 जुलाई को नगराम क्षेत्र से गुजरने वाली इंदिरा नहर के सलेमपुर अचाका रेगुलेटर में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान नहीं हो सकी थी।16 जुलाई को जब इटौंजा थाने में परिजनों ने हंगामा शुरू किया, तब पुलिस ने हिमांशी के पिता को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। वहां रखे शव की पहचान उन्होंने अपनी बेटी हिमांशी कश्यप के रूप में की।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही थाने में मौजूद मां की तबीयत बिगड़ गई, जबकि मृतका की छोटी बहन ने खुद पर डीजल डाल लिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने हिमांशी की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया और पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।हिमांशी कश्यप, सीतापुर निवासी पवन कश्यप की बेटी थीं। उनकी शादी करीब पांच महीने पहले मैट्रिमोनियल साइट के जरिए इटौंजा निवासी प्रदीप गौड़ से हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related posts