WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार की चेतावनी! लॉगआउट नहीं किया तो लीक हो सकता है निजी डेटा, जानें बचने के तरीके

WhatsApp Web: अगर आप भी ऑफिस या किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने WhatsApp Web की सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट ने लोगों को आगाह किया है कि कंप्यूटर पर वॉट्सऐप अकाउंट खुला छोड़ना आपकी निजी जानकारी और गोपनीय डेटा के लिए खतरा बन सकता है।

सरकार की एडवाइजरी के मुताबिक, साइबर अपराधी WhatsApp Web के एक्टिव लॉगिन सेशन का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपकी निजी चैट पढ़ी जा सकती हैं और आपके अकाउंट से किसी दूसरे व्यक्ति को मैसेज भी भेजे जा सकते हैं।

इतना ही नहीं, ठग आपके नाम और पहचान का इस्तेमाल करके अधिकारियों, सहकर्मियों या परिचितों से पैसों की मांग कर सकते हैं। आपके ग्रुप की बातचीत, कॉन्टैक्ट और गोपनीय जानकारियों तक भी उनकी पहुंच हो सकती है। आपके भरोसेमंद अकाउंट से फर्जी लिंक भेजकर दूसरे लोगों को भी साइबर ठगी का शिकार बनाया जा सकता है।

अब सवाल है कि आखिर यह खतरा कैसे पैदा होता है?

मान लीजिए आपने ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन किया और काम खत्म होने के बाद बिना लॉगआउट किए ब्राउजर बंद कर दिया। ऐसे में अगर कोई दूसरा व्यक्ति उस कंप्यूटर का इस्तेमाल करता है, तो वह आपके सक्रिय लॉगिन सेशन का गलत फायदा उठा सकता है।

इस खतरे से बचने के लिए सरकार ने कुछ जरूरी सावधानियां बताई हैं। पहली बात, हर बार काम खत्म होने के बाद WhatsApp Web से मैन्युअल रूप से लॉगआउट जरूर करें। दूसरी बात, साइबर कैफे, होटल या सार्वजनिक कंप्यूटर पर वॉट्सऐप लॉगिन करने से बचें।

इसके अलावा संवेदनशील सरकारी और वित्तीय जानकारियां WhatsApp Web पर साझा न करें। ब्राउजर की Incognito या Private विंडो का इस्तेमाल करें और कंप्यूटर का सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।

याद रखिए, डिजिटल दुनिया में छोटी सी लापरवाही आपके निजी डेटा को खतरे में डाल सकती है। इसलिए सावधान रहें और अपना WhatsApp अकाउंट सुरक्षित रखें।

 

 

Related posts